मथुरा। छाता शुगर मिल के समीप सड़क किनारे मिला शव थाना रिफाइनरी के गांव मदनपुर के अरविंद का था। सोमवार की सायं पेटीज लेने टाउनशिप गेट पर गए युवक के लापता होने पर भाई बुधवार को थाना रिफाइनरी पर गुमशुदगी दर्ज कराने गया तो मोबाइल पर फोटो देखकर युवक की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो युवक की गला घोंटकर हत्या की गई
थाना रिफाइनरी के गांव मदनपुरा निवासी अरविंद (25) पुत्र बहादुर मजदूरी करता था। सोमवार की सायं घर से टाउनशिप गेट पर पेटीज लेने गया था। घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने युवक की तलाश की पर कोई सुराग नहीं लग सका। आखिर में बुधवार को मृतक का भाई गुमशुदगी दर्ज कराने थाना रिफाइनरी पर पहुंचा। यहां पर पुलिस ने मोबाइल में छाता में मिले युवक के शव की फोटो दिखाई तो भाई के पैरों तले की जमीन खिसक गई। युवक की मौत की खबर पर घर में कोहराम मच गया। मृतक के भाई रवि का आरोप है कि उसके भाई की हत्या की गई है।
पेटीज खाने जाते वक्त उनका भाई बाइक की चाबी जेब में रखकर ले गया था। 15 मिनट बाद फोन करने पर स्विच ऑफ मिला। कोतवाली प्रभारी प्रमोद पंवार का कहना है कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
चचेरे भाई पर जताया हत्या का शक
छाता कोतवाली प्रभारी प्रमोद पंवार की मानें तो मृतक युवक के परिजन हत्या का शक चचेरे भाई पर लगा रहे हैं। तीन दिन पूर्व मृतक युवक का चचेरे भाई से झगड़ा हुआ था। उसके बाद तो राजीनामा करा दिया गया। जिस दिन युवक लापता हुआ तो चचेरा भाई तीन-चार बार घर पर पूछने आया था। फिलहाल जांच की जा रही है। मोबाइल नंबर पर आई कॉल से हत्या का राज खुल सकेगा।