यहां अतिक्रमण ने किया सड़कों का ‘दमन’
- फोटो : अमर उजाला
एटा। बड़े बेआबरू होकर तेरे कूचे से निकले हम...जी हा! मिर्जा गालिब का यह शेर एटा बाजार में अतिक्रमण के हाल पर एकदम सटीक बैठता है। मोटर साइकिल और हथठेलों से घिरी सड़कों के बीच से लोगों को आवागमन में खासी परेशानी उठानी पड़ती है। रात को सड़कें चौड़ी नजर आती हैं तो दिन में बाजार में सड़क दिखना ही मुश्किल है। हथठेल संचालकों, फड़ लगाने वाले दुकानदारों ने आधी से ज्यादा सड़क घेर रखी है। वहीं पुलिस और प्रशासन महज हाईवे पर अभियान चलाकर कोरम पूरा कर लेता है।
--------------
सुभाष मूर्ति मार्ग
शहर के वली मुहम्मद चौराहा से हाथी गेट जाने वाले मार्ग पर आधा घंटा जाम में बर्बाद हो जाता है। संकरे मार्ग पर डा. शैलेंद्र जैन के क्लीनिक के बाहर वाहनों की पार्किंग में आधी सड़क घिरी रहती है। इसके साथ ही दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा है।
-------------
घंटाघर
शहर का प्रमुख बाजार घंटाघर भी अतिक्रमण की चपेट में है। घंटाघर के नीचे नाश्ते के ठेल और फल विक्रेता अतिक्रमण किए हैं तो बाजार के बीच सड़क पर गजक विक्रेता ठेल लगाते हैं। इससे घंटाघर से सुभाष मूर्ति जाने वाला मार्ग अवरुद्ध रहता है। भीड़ उमड़ने के दौरान बाजार में जाम की प्रमुख वजह अतिक्रमण है। इसके साथ ही मेहता पार्क जाने वाले मार्ग पर सब्जी विक्रेता अतिक्रमण किए हुए हैं।
----------------
बाबूगंज
शहर के महिला मार्केट बाबूगंज का हाल भी बदहाल है। यहां दुकानदारों ने आधी सड़क पर कब्जा किया है। इसके साथ ही छोटे मार्ग पर वाहनों की फौज के चलते हर वक्त जाम रहता है। ऐसे में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
--------------
नहीं बन सका वेंडिंग जोन
शहर में हथठेल संचालकों के लिए अलग से वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव डूडा ने बनाया था। इसके तहत हथठेल संचालकों को अलग से जगह दी जानी चाहिए थी। हालांकि प्रशासनिक अनदेखी के चलते प्रस्ताव दफन हो गया।
-------------
बाजार में अतिक्रमण हटवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
रामदत्त राम, अधिशासी अधिकारी, एटा नगर पालिका