गन्ने की ट्रॉली को बिक्री केंद्र लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। मामला बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें पांच लोग घायल हो गए।
ग्राम परतापुर निवासी संजय पुत्र राजेंद्र गन्ने को ट्राली में लदवाकर बिक्री केंद्र पर पहुंचा। तभी गांव का ही सुरजीत पुत्र रवींद्र अपनी ट्रॉली को लेकर पहुंच गया। सुरजीत उसकी ट्रॉली से आगे अपनी ट्रॉली लगाने लगा। इसी को लेकर दोनों में आपस में कहासुनी होने लगी। वहां खड़े लोगों ने उनका बीच बचाव कर दिया। सुरजीत वहां से पहले अपने घर आया। झगड़े की सूचना पर संजय के बढ़े भाई विश्वेर, वृजराज, दुष्यंत, प्रवीन मौके पर पहुंच गए। जब वह अपने गांव वापस आ रहे थे। तभी सुरजीत के पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जिसमें सजंय, विश्वेर, वृजराज, दुष्यंत एवं प्रवीन घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मारपीट करने के बाद सुरजीत के पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया है। मामले की तहरीर सुरजीत, रवींद्र, अजीत, लटूरी, रणजीत, प्रवेश, गौरव के खिलाफ पुलिस को दी गई है।
नाली के विवाद में दो पक्षों में फायरिंग
कोतवाली क्षेत्र के गांव बकरई में नाली के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मारपीट और फायरिंग की गई। सूचना पर पहुंची यूपी 100 की पुलिस के मौके पर पहुंचते ही दोनों ही पक्षों के लोग भाग खड़े हुए। मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।
गौरतलब है कि बकरई गांव में कृपाशंकर पुत्र किशन स्वरूप एवं गांव के जागेश्वर पुत्र रामफल के बीच काफी समय से नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद है। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी मारपीट हो चुकी है। गुरुवार दोपहर कृपाशंकर और जागेश्वर के पक्ष नाली के विवाद को लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जागेश्वर पक्ष के लोगों ने कृपाशंकर के पक्ष पर फायरिंग कर दी तो जवाब में दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग की। इस पर ग्रामीणों ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर दोनों पक्षों के लोग भाग खड़े हुए। अभी तक मामले में पटियाली पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।