निकाय चुनाव को देखते हुए जोड़तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। राजनीतिक पार्टियां सेंध मारी में जुट गई है। अपनी पार्टी से असंतुष्ट चल रहे नेताओं पर डोरे डालना शुरू कर दिया है। वहीं जिन नेताओं को अपनी पार्टी में निकाय चुनाव में टिकट मिलने में संशय लग रहा है वे अन्य पार्टियों के संपर्क में आने लगे हैं। ताकि चुनाव के समय पाला बदल कर अध्यक्ष पद के लिए टिकट हासिल की जा सके।
निकाय चुनाव के लिए अभी निर्वाचन आयोग ने तिथियां निर्धारित नहीं की है, लेकिन लोग चुनाव को देखते हुए अभी से अपना रास्ता तय करने लगे हैं। अपनी राह बदलने की शुरूआत भाजपा पिछड़ा वर्ग के निवर्तमान जिला अध्यक्ष संजय कुशवाह ने कर दी। वे अपने समर्थकों के साथ बसपा में शामिल हो गए। उनके पार्टी में शामिल होने पर कैंप कार्यालय पर जोन इंचार्ज राज कुमार जाटव ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। भाजपा पिछड़ा वर्ग के निर्वतमान जिला अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर बसपा का दामन थाम लिया है। बसपा जिला अध्यक्ष डीपी सिंह राना ने बताया कि संजय कुशवाह के पार्टी में शामिल हो जाने पर उनका स्वागत किया गया। उनको समर्थकों सहित पार्टी की सदस्यता दिलाई गई है।