कुरावली (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंगा-जमुनी बाईपास पुल के समीप रविवार को मजदूरों से भरी डीसीएम पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच घायल हो गए। डीसीएम में नौ मजदूर व चालक-परिचालक थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना क्षेत्र में गंगा-जमुनी के समीप बाईपास के टूटे पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। रविवार को एक डीसीएम सहारनपुर से मजदूरों को लेकर कानपुर जा रही थी। दिन में करीब 11.30 बजे निर्माणाधीन पुल के समीप वह अनियंत्रित होकर पलट कर खड्ढ में जा गिरी।
हादसे में गांव कोटा थाना रंडौल सहारनपुर निवासी फुरकान (35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मुंतजिर, नसीम, जाहिद और यामीन निवासी बुड्ढा हेड़ी हरिद्वार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे से मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद डीसीएम का चालक व परिचालक वाहन छोड़कर भाग निकले।