मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी युवक पर शुक्रवार शाम नामजद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। हमले में युवक बाल बाल बच गया। वह जब भाग कर घर में घुस गया, तो आरोपी ने घर में घुसकर मारपीट की।
उसे व पत्नी को धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने नामजद आरोपी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी वीर बहादुर सिंह शुक्रवार को एक अधिवक्ता से मिलने दीवानी गए थे। शाम करीब 5:30 बजे जब वह राधारमन रोड बाईपास मार्ग से घर वापस लौट रहे थे।
तभी धीरेंद्र उर्फ धीरू निवासी गांव सकरा कुसमरा हाल निवासी आवास विकास कालोनी गाली गलौज करने लगा। आरोपी ने तमंचा निकाल कर वीर बहादुर पर फायर कर दिया। हमले में वह बाल बाल बच गए।
मौका पाकर भागकर घर में दाखिल हो गए। इसके बाद आरोपी धीरेंद्र घर में घुस आया और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। जब पत्नी बचाने आई तो उसे भी हटा दिया।
चीख पुकार की आवाज सुनकर जब घर के बाहर लोग एकत्रित हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। देर शाम पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने नामजद आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।