आगरा। अमरनाथ यात्रा पर हुए आतंकी हमले के विरोध में कुछ युवक गुरुवार दोपहर एत्माद्दौला के टेढ़ी बगिया पर धर्मस्थल के सामने पाकिस्तान और वहां के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला फूंकने के लिए पहुंच गए। इसका पता चलने पर दूसरे समुदाय के लोग भी आ गए। उन्होंने कहा कि आप पुलते शौक से फूंकिए, हमें कोई आपत्त्ति नहीं, लेकिन धर्मस्थल के सामने पुतला नहीं फूंकने दिया जाएगा। इस पर तनाव की स्थिति बन गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतले छीन लिए। दोनों पक्षों के लोग खदेड़ दिए।
15-20 युवक दो पुतले लेकर पहुंचे थे। पुलिस को इसकी सूचना दूसरे समुदाय के लोगों ने दी। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों समुदाय के युवक आमने सामने आ चुके थे। पुतला फूंक रहे लोगों से दूसरे समुदाय के लोगों ने कहा कि आप पुतला कलक्ट्रेट, चौराहा, तहसील कहीं भी फूंकिए लेकिन यह धर्मस्थल है, यहां पर आपको पूतला नहीं फूंकने दिया जाएगा।
उधर वे लोग पुतला फूंकने की जिद पर अड़े थे। तभी पुलिस पहुंच गई। उन्होंने पुतले फूंकने की कोशिश की। पुलिस ने पुतले छीन लिए। दोनों पक्षों के लोगों को सख्ती दिखाकर खदेड़ दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि झगड़े होने की आशंका पर पुलिस पहुंची थी लेकिन समय रहते दोनों पक्ष अलग अलग कर दिए गए।