आगरा। जिले में बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयाें के खिलाफ शुक्रवार (आज) से अभियान चलाया जाएगा। छह टीमें स्कूलों का निरीक्षण करेंगी। स्कूलों को किस कक्षा तक और किन विषयों में मान्यता प्राप्त है, इसकी जांच करेंगी। तहसील स्तर पर टीमें गठित की गई हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पिछले कई वर्षों से बिन मान्यता स्कूलाें को संचालित किए जाने की शिकायत की जा रही हैं। अब जाकर फर्जी तरीके से चल रहे स्कूलाें के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। डीआईओएस डा. विनोद कुमार राय ने बताया कि तहसील स्तर पर तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। इसमें प्रधानाचार्य शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान सदस्य वीडियो रिकार्डिंग भी करेंगे। डीआईओएस कार्यालय में साक्ष्य सहित रिपोर्ट देनी होगी। डीआईओएस ने बताया कि कुछ स्कूलाें का वह खुद औचक निरीक्षण करेंगे। यदि बिन मान्यता स्कूल चलते पाए गए तो उनके खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।