मैनपुरी। देहात में शौचालय बनाने में मानकों की अनदेखी की गई है। अधिकांश शौचालयों का प्रयोग नहीं हो रहा है। सफाई कर्मी महीने दो महीने में एक बार गांव जाकर औपचारिकता कर रहे हैं। कटिया डालकर बिजली की चोरी की जा रही है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं। डीएम यशवंत राव ने इस पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने गुरुवार को नगला राया, फैजपुर, मानिकपुर, नगला गुलाल, हरचंद्रपुर का औचक निरीक्षण किया। गंदगी पाए जाने पर डीपीआरओ को सफाई कर्मियों पर नियंत्रण करने के निर्देश दिए। नगला राय में परीक्षित के घर से विजय पाल के घर तक बने खड़ंजे पर जलभराव, विद्यालय का हैंडपंप खराब, छह माह पूर्व लगाए गए बिजली के खंभे मगर तार नहीं खींचे जाने, आनलाइन आवेदन के बाद भी राशन कार्ड नहीं बनने, फैजपुर में राजवीर के घर के सामने तालाब पर कब्जा, गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई।
मानिकपुर में अहिवरन के शौचालय में कंडे भरे होने, उदयवीर का शौचालय बंद मिलने, गनेश पाल का शौचालय का दरवाजा टूटा मिलने, नगला गुलाल में बसंत लाल, जय सिंह के शौचालयों में सामान भरा मिलने, चेतराम, प्रेमपाल, अमर चंद्र, वीरेंद्र सिंह, सुरेश के कटिया डालकर बिजली चोरी करने, अमरचंद्र द्वारा बिजली का खंभा दीवार में दबा लेने, हरचद्रपुर में जलभराव, सीसी रोड पर कब्जा मिलने पर नाराजगी जताई। बीडीओ, अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।