आगरा के शमसाबाद कस्बे की 16 वर्षीय किशोरी ने शोहदे की धमकी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, बेटी से फिरोजाबाद के फैजान ने राहुल बनकर दोस्ती की। उसके फोटो और वीडियो बना लिए। अपने पास बुलाने के लिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इससे बेटी दहशत में आ गई। उसने दो दिन पहले घटना की जानकारी दी। रविवार को घर में रखा कीटनाशक पी लिया। इलाज के दाैरान उसकी मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार, बेटी की मुलाकात कुछ समय पहले अपनी सहेली की शादी में एक युवक से हुई थी। युवक ने अपना नाम राहुल बताया। उसका असली नाम फैजान था। बाद में पता चला कि उसका असली नाम फैजान है और वह फिरोजाबाद का रहने वाला है। दोनों सहेलियों की हाईस्कूल का परीक्षा केंद्र गांव से काफी दूर होने के कारण फैजान उर्फ राहुल अक्सर उनके पास आता था। वह केंद्र पर छोड़कर आता था।
आरोप है कि फैजान लगातार फोन कर छात्रा को परेशान करता था, जिससे वह काफी समय से मानसिक तनाव में थी। उसके पास उसके फोटो और वीडियो भी थे। वह लगातार वायरल करने की धमकी दे रहा था। वह तनाव में थी। एक सप्ताह पहले परिवार के लोगों को बताया। रविवार को वह बाजार गए थे। पीछे से बेटी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन तहरीर के आधार पर फैजान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।