टूंडला (फिरोजाबाद)। गुरुवार को विक्रमशिला एक्सप्रेस में एक रेलयात्री की गर्मी से मौत हो गई। चिकित्सकों की टीम पहुंची थी। वहीं इंटरसिटी एक्सप्रेस के शौचालय में एक यात्री अचेतावस्था में मिला उसे इलाज दिया इससे पूर्व ही उसकी मौत हो गई थी। चिकित्सकों ने गर्मी से मौत की संभावना जताई है।
बिहार के जिला वैशाली के गांव राधोपुर निवासी गुज्जू राय (25) अपने भाई राजू राय के साथ दिल्ली से गांव विक्रमशिला एक्सप्रेस से जा रहा था। ट्रेन अलीगढ़ से चली तभी अचानक गुज्जू राय की तबियत बिगड़ने लगी।
टीटीई ने तत्काल टूंडला नियंत्रण कक्ष को मैसेज भेजकर टूंडला स्टेशन पर चिकित्सक की मांग की। ट्रेन टूंडला स्टेशन पहुंचती उससे पूर्व ही गुज्जू की मौत हो गई। भाई राजू ने बताया कि गुज्जू को ट्रेन में भीषण गर्मी के चलते बुखार आ गया था। उसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
इधर बुधवार रात साढ़े नौ बजे करीब इंटरसिटी एक्सप्रेस के शौचालय में एक यात्री के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना पर इटावा में चिकित्सीय टीम को बुलाया गया। चिकित्सकों ने संभावना जताई गर्मी के कारण ही यात्री की मौत हुई है। मृतक इंटरसिटी एक्सप्रेस के डी-9 कोच में यात्रा कर रहा था। उसकी पहचान इटावा के साबितगंज निवासी मोे. याकूब (65) के रूप में हुई। इससे पूर्व बुधवार शाम ही स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कोच संख्या बी 1 की बर्थ संख्या 20 एवं 21 पर यात्रा कर रही शहनाज बेगम (44) निवासी गांव धरमपुर जिला दरभंगा, बिहार की मौत हो गई थी।