कासगंज। धरा के शृंगार के लिए पौधे जितने जरूरी हैं उससे कई ज्यादा मानव जीवन के लिए वह उपयोगी हैं। पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए शासन ने योजना बनाई है। सीडीओ ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी देते हुए साढ़े पंद्रह लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है।
जुलाई से पौधरोपण का कार्य शुरू हो जाएगा। कलक्ट्रेट सभाकक्ष में सीडीओ डा. दिनेश कुमार ने वृक्षारोपण समिति की बैठक बुलाकर पौधरोपण की योजना बनाई। सीडीओ ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित कर आवंटित लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा कराते हुए अधिक से अधिक पौधे लगवाएं और उनकी जीओ टैगिंग भी कराएं। समस्त खंड विकास अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण के स्थल का चयन कर लिया गया है। गड्डा खोदने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। सीएमओ प्रतिमा श्रीवास्तव ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर रोपित किए जाने वाले पौधों की कार्ययोजना प्रस्तुत की। डीआईओएस आरएस राजपूत और बीएसए अंजली अग्रवाल ने बताया कि सभी कालेज में पौध रोपण के लिए स्थान चयनित कर लिया है तो प्राथमिक विद्यालयों में गड्ढा खोदने का कार्य कराया जा रहा है। प्रभागीय वनाधिकारी दिवाकर कुमार वशिष्ठ ने बताया कि सभी विभागों के सहयोग से वृक्षारोपण कार्य की तैयारी संतोषजनक है।
पौधरोपण की तैयारी पर एक नजर-
- 15.68 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय।
- 8.26 लाख ग्राम विकास और पंचायत राज विभाग के जिम्मे।
- 7.42 लाख पौधे रोपेंगे विभिन्न विभाग।
- 1 जुलाई से शुरू होगा पौधरोपण।
- 3.89 लाख गड्ढे अब तक पौधरोपण के लिए खोदे गए।