डीआरयूसीसी की बैठक में उठा ओवरब्रिज का मामला
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में शहर के ओवरब्रिज का मामला और रेलवे से जुड़ी कई समस्याओं पर चर्चा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने समस्याओं के समाधान का हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
बैठक में शहर के सदस्य व्यापारी नेता अखिलेश कुमार अग्रवाल ने सुझाव दिया कि शहर के सहावर गेट रेल क्रॉसिंग पर जाम की समस्या रहती है। यहां ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता है। इसके अलावा रेलवे जंक्शन पर स्वचलित सीढ़ियां लगाने, दिव्यांगों के आने जाने के लिए रैंप बनाने, शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए आरओ प्लांट लगाने, ग्वालियर, गुना, इंदौर की ओर ट्रेनों का संचालन करने और दिल्ली लाइन से जोडने की मांग उठाते हुए सुझाव दिए। फर्रुखाबाद के सदस्य संजीव मिश्रा ने फर्रुखाबाद-बरेली के बीच सीधे ट्रेन चलाने की मांग की। हाथरस के डा. एमएल रावत ने छपरा एक्सप्रेस का ठहराव बढ़ाने, रेलवे की बंजर भूमि पर पौधरोपण कराने आदि की मांग उठाई गई। फर्रुखाबाद के विपिन बिहारी सक्सेना ने मांग उठाई कि कानपुर-फर्रुखाबाद-कासंगज-बरेली मार्ग से अमृतसर तक चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन को निर्धारित मार्ग पर ही चलाया जाए। इस बैठक में रेलवे मंडलीय अधिकारी व अन्य समिति के सदस्य मौजूद रहे।