कोसीकलां (मथुरा)। गांव सुपाना में शुक्रवार को मंदिर में रेती डाल रही एक ट्रैक्टर-ट्रोली के टकराने से दीवार गिर गई। वहां खेल रहा एक बच्चा दीवार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। मृतक के बाबा ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शुक्रवार को पूर्वाह्न गांव सुपाना के एक मंदिर पर एक ट्रैक्टर-ट्रोली रेती लेकर आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली मंदिर की दीवार से टकरा गई। जिससे दीवार गिर गई। वहां खेल रहा पांच वर्षीय ललित पुत्र राजपाल उसके नीचे दब गया। बच्चों के शोर पर वहां तमाम लोग एकत्रित हुए और बच्चे को बाहर निकाला। लेकिन तब तक ललित ने दम तोड़ दिया था।
बच्चे की मौत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
उन्होंने ट्रैक्टर को आग लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बाबा मानसिंह ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।