एटा। जिले के मलावन में बन रही 1320 मेगावाट जवाहर तापीय विद्युत परियोजना के लिए रेलवे ट्रैक बिछाने का काम रफ्तार पकड़ रहा है। इसके लिए भूमि देने वाले किसानों को मुआवजा देने का काम शुरू हो गया है। परियोजना के मुख्य अभियंता ने सोमवार को 16 किसानों को एक करोड़ 22 लाख रुपये का मुआवजा बांटकर वितरण प्रक्रिया शुरू की।
मलावन में बन रही तापीय परियोजना में कोयला और तेल की आपूर्ति केे लिए एटा से मलावन तक 19.5 किमी लंबा रेलवे ट्रैक बिछाया जाना है। ट्रैक के लिए कुल 80 हेक्टेयर भूमि 2657 किसानों से अधिग्रहीत की गई है। पिछले दिनों किसानों से सहमति मिलने के बाद जिला क्रय की दर एवं कुल भूमि मूल्य अनुमोदन समिति से प्रस्ताव बनवाया गया। जिसे कमिश्नर का अनुमोदन मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हुई। परियोजना के मुख्य अभियंता ने सोमवार को निबंधन कार्यालय में बैनामे कराए और 16 किसानों को 1 करोड़ 22 लाख 67 हजार छह सौ 43 रुपये मुआवजे के चेक वितरित किए गए। मुख्य अभियंता निर्माण इंजी राजेंद्र सिंह ने बताया कि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। किसानों को सर्किल रेट से चार गुना अधिक मूल्य का मुआवजा दिया जा रहा है।
इन गांव को किया गया है शामिल
एटा रेलवे स्टेशन से मलावन के जवाहर तापीय परियोजना तक बिछने वाली रेलवे लाइन 18 गांव के आसपास होकर निकलेगी। जिनमें एटा देहात, लालगढ़ी, शीतलपुर, रामपुर घनश्यामपुर, नरहरा, बाबरपुर, मुक्तायलपुर, किशनपुर लोया, लोया बादशाहपुर, चचारमऊ, नेहचलपुर, मरजादपुर, जीसुखपुर, कीलरमऊ, भरमई, शिवसिंहपुर उर्फ नगला निजाम, बरथरी, निगोह हसनपुर शामिल हैं।
कहते हैं आंकड़े
19.5 किमी बिछाया जाना है रेलवे ट्रैक
80 हेक्टेयर भूमि का हुआ अधिग्रहण
2657 किसानों की भूमि अधिग्रहीत
01 करोड़ रुपये का बांटा गया मुआवजा