मथुरा। शेरगढ़ के गांव काजरौंठ में एक युवक का शव नीम के पेड़ पर लटका मिला। राहगीरों ने परिजनों को सूचित किया। उधर, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर डाला। पुलिस की माने तो प्रथम दृष्टया मामला गृहक्लेश का लग रहा है। युवक के ससुराल की तरफ से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि युवक का उसके भाई के साथ झगड़ा हुआ था। शव युवक के घर से एक किलोमीटर दूर मिला था।
थाना शेरगढ़ के गांव काजरौंठ निवासी मोहन (35) पुत्र बूचा खेतीबाड़ी करता था। सोमवार की सुबह 8:30 बजे उसका शव घर से एक किलोमीटर दूर नीम के पेड़ पर लटका मिला। राहगीरों ने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। जिसके बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को उतार लिया और अंतिम संस्कार कर डाला। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मकान को लेकर युवक का उसके भाई से सोमवार तड़के झगड़ा हुआ था। उसके बाद उसका शव पेड़ से लटका मिला। मृतक के ससुरालीजन तहरीर देंगे तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।