कासगंज जिले में सोमवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घ आयु के लिए वट वृक्ष की पूजा करके उपवास रखा। पूजा अर्चना कर महिलाओं ने अखंड सौभाग्य और समृद्धि की कामना की। इस मौके पर व्रती महिलाओं ने सत्यवान-सावित्री की कथा पढ़ी।
सावित्री वट पूजा को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। महिलाओं ने घरों पर पूड़ी पकवान बनाए। सोलह शृंगार के साथ सुहागिन महिलाएं माता चामुंडा मंदिर परिसर में लगे वट वृक्ष पर पूजा अर्चना के लिए सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गई।
उन्होंने अखंड सौभाग्य के लिए वट वृक्ष पर सूत लपेटकर परिक्रमा की। काफी संख्या में महिलाओं ने वट वृक्ष की डाल को अपने घरों पर ही मंगा लिया। इस डाल का महिलाओं ने पूजन कर परिक्रमा लगाई।
काफी संख्या में महिलाएं ऐसी भी रहीं जिन्होंने अपने घर पर वट की डाल मंगाकर उसकी पूजा की। प्रभु पार्क, चामुंडा माता सहित नगर के अन्य सभी प्रमुख मंदिरों में महिलाओं की भीड़ देखी गई। महिलाओं ने शाम के समय अपना उपवास खोला।
मंदिरों में वट सावित्री की कथा का भी आयोजन हुआ। मंदिरों में पुजारियों ने सावित्री एवं सत्वान के जीवन चरित्र के बारे में प्रकाश डाला। महिलाओं ने कथा का श्रवण कर अपने पति की दीर्घायु की कामना की।