मैनपुरी-बिछवां। गांव तिसौली में एक पट्टे की जमीन पर एक लेखपाल कब्जा जमाए हुए था। एसडीएम कुरावली से इसकी शिकायत की गई थी। उनके आदेश के बाद थाना पुलिस ने जमीन को कब्जा मुक्त कराने के साथ ही पीड़ित को कब्जा दिलाया। थाना क्षेत्र के गांव तिसौली निवासी कप्तान सिंह को वर्ष 1999 में ग्राम प्रधान द्वारा एक पट्टा आवंटित किया गया था। जिस पर गांव निवासी रविदास जो कि राजस्व विभाग में लेखपाल के पद पर तैनात हैं, अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए था।
पीड़ित ने न्यायालय में वाद दायर कर कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। कब्जा मुक्त कराने के आदेश के बाद भी लेखपाल ने कब्जा नहीं छोड़ा था। कई बार इसको लेकर विवाद भी हुआ। पीड़ित ने थाना दिवस में डीएम व एसपी से शिकायत की थी। अधिकारी के आदेश के बाद उसे कब्जा दिला दिया गया। मगर लेखपाल ने फिर से कब्जा जमा लिया था। परेशान पीड़ित ने थाने पहुंच कर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश सिंह को जानकारी दी। इंस्पेक्टर ने इस मामले में एसडीएम कुरावली रतन वर्मा से बात की। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम के साथ तहसीलदार प्रमोद कुमार कानूनगो शमशेर बहादुर के साथ गांव तिसौली पहुंचे। पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन को कब्जा मुक्त कराने के बाद पीड़ित को कब्जा दिलाया।