नगर में धड़ल्ले से कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं
कासगंज। सूरत में हुए अग्निकांड की घटना के बाद अग्निकांड विभाग ने विशेष सतर्कता शुरू की है। शॉपिंग मॉल, कोचिंग संचालक सहित 50 लोगों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी गई है कि तीन दिन में यदि अग्निकांड यंत्रों की व्यवस्था नहीं की गई तो जुर्माना लगा दिया जाएगा।
अग्निकांड विभाग ने जिला विद्यालय निरीक्षक से कोचिंग सेंटरों की संख्या एवं उनके स्थान पूछे हैं। वहीं सभी नर्सिंग होम की लोकेशन जुटाई गई है। इसके अलावा शहर में कई बड़े शोरूम हैं। इनकी भी सटीक लोकेशन विभाग ने संकलित की है। सभी को नोटिस भेजे गए हैं। सूरत के अग्निकांड का हवाला देते हुए विभाग ने अग्निशमन यंत्रों की जानकारी मांगी है। कहा कि यदि अग्नि शमन यंत्र नहीं लगे हैं तो तीन दिन में यंत्र लगवा लें। जहां यंत्र नहीं लगे हैं और एक साल से रिफलिंग नहीं हुई है तो रिफलिंग कराएं। जांच में यदि कई अग्निशमन यंत्र नहीं मिले तो संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी ठोंका जाएगा।
बुधवार से होगा निरीक्षण
कासगंज। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी करने के बाद निरीक्षण की योजना बनाई है। बुधवार से शिक्षा विभाग की टीम अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्थाएं देखने पहुंचेगी। डीआईओएस आरएस राजपूत ने बताया कि यदि किसी सेंटर पर अग्निशमन यंत्र नहीं मिले तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
10 दिन में शासन को भेजनी होगी रिपोर्ट।
3 दिन में अग्निशमन यंत्र लगाने की बाध्यता।
सभी शॉपिंग मॉल, शोरूम व कोचिंग सेंटरों को नोटिस दिए गए हैं। यदि अग्निशमन यंत्र लगाने में जिम्मेदार लापरवाही करते हैं तो विधिक कार्रवाई होगी। जुर्माना भी लगेगा। आनंद रजनीश, सीएफओ।