कासगंज। फर्रुखाबाद के हजरतगंज में जहरीली शराब पीने से सोरों के युवक की मौत हो गई। इस मामले में जांच अधिकारी एडीएम ने मजिस्ट्रीयल जांच शुरू की है।
सोरों के मौहल्ला चक्रतीर्थ निवासी अमर सिंह पुत्र महावीर सिंह की बरात हजरतगंज थाना कंपिल जनपद फर्रुखाबाद गई थी। बरात में गए राजवीर पुत्र कन्हैया लाल, रामलाल पुत्र रामदास, गंगा चरण पुत्र काली चरण एवं उमेश पुत्र पप्पू निवासीगण मोहल्ला चक्रतीर्थ सोरों ने हजरतगंज के किसी खोखे से शराब खरीद कर पी ली। शराब पीते ही इन चारों की तबियत बिगड़ीतो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों आए। जहां पर उनमें से एक राजबीर पुत्र कन्हैया लाल को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शेष तीनों का इलाज जिला अस्पताल कासगंज में हुआ। घटना के संबंध में जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह के आदेशानुसार मजिस्ट्रीयल जांच किए जाने हेतु अपर जिला मजिस्ट्रेट योगेंद्र कुमार को नामित किया गया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट ने कहा है कि उक्त प्रकरण के संबंध में यदि कोई व्यक्ति किसी प्रकार की कोई जानकारी रखता है अथवा बयान देना चाहता है तो 7 जून तक किसी भी कार्यदिवस में उनके कार्यालय में उपस्थित होकर अथवा डाक के माध्यम से अपना साक्ष्य आदि प्रस्तुत कर सकता है।
आबकारी टीम ने कई स्थानों पर दी दबिश
कासगंज। जहरीली शराब प्रकरण सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग दोनों सक्रिय हैं। सीओ सहावर अभिषेक कुमार राहुल के नेतृत्व में आबकारी इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बोंदर, सतरोई, फतेहपुर में कई स्थानों पर छापामारी की। फतेहपुर से 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा सरकारी ठेके की दुकानों पर भी बिक्री की जा रही शराब की जांच पड़ताल की।