कासगंज। फरियाद लेकर ससुर संग सीओ कार्यालय पहुंची महिला को कथित पत्रकार झांसा लेकर उठा ले गया। बाइक सवार ने शहर के एक सुनसान इलाके में महिला से पर्स और मोबाइल छीन लिया और अश्लील हरकत की। आरोप है कि पूर्व के मुकदमे को वापस लेने की धमकी देकर आरोपी छोड़ गया। महिला की शिकायत पर सीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज करने के आदेश कोतवाली पुलिस को दिए हैं।
ढोलना क्षेत्र निवासी एक महिला सोमवार सुबह अपने ससुर के साथ किसी मामले की फरियाद लेकर सीओ कार्यालय पहुंची। सीओ कार्यालय पर नहीं थे। महिला दफ्तर के बाहर बैठ गई। तभी एक युवक आया और उसने स्वयं को पत्रकार बताया। वह महिला और उसके ससुर से बातचीत करने लगा। आरोपी ने महिला से कहा कि मामला महिला थाने का है और वहां अच्छी सुनवाई होगी। इसके बाद महिला आरोपी के झांसे में आ गई। आरोप है कि उसने कार्रवाई कराने का झांसा देकर ससुर से 500 रुपये ले लिए। इसके बाद वह महिला को अपने साथ बाइक पर बैठाकर बिलराम गेट स्थित सुनसान क्षेत्र में ले गया। आरोप है कि आरोपी ने महिला से उसका पर्स और मोबाइल छीन लिए। महिला का आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी है कि पूर्व में राजवीर सिंह, मलखान सिंह के विरुद्ध दर्ज कराया मुकदमा वापस ले अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बाद में किसी प्रकार महिला ने सीओ कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सीओ ने कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
- महिला कार्यालय पहुंची तो मैं नहीं था। महिला ने बताया कि उसे किसी युवक ने झांसे में लिया और बाइक पर उठाकर ले गया। मामले में मुकदमा दर्ज करा रहे हैं।
आईपी सिंह, सीओ सदर।