मैनपुरी। जिले में एचआईवी पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ चली है। इस वर्ष अभी तक 12 मरीज एचआईवी पॉजिटिव मिले हैं। सबसे चिंता की बात तो यह है कि जिला जेल में बंद बंदियों में एचआईवी के लक्षण मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसको लेकर चिंता व्यक्त की है।
जिले में जागरूकता के बाद भी एचआईवी पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ी है। यह बात जिले के लिए चिंता का विषय है। आखिर मरीज कैसे बढ़ रहे हैं, स्वास्थ्य विभाग भी इस खोज में जुट गया है। अन्य मरीजों के साथ ही जेल में बंद बंदियों की भी हर माह स्क्रीनिंग कराई जा रही है।
इसके दौरान उनकी एचआईवी जांच भी कराई जा रही है। लगातार हो रही जांच के बाद जेल में बंद दो और बंदियों में प्रथम जांच में एचआईवी के लक्षण मिले हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग फिर से सतर्क हो गया है। एलटी नर सिंह राठौर ने बताया कि अभी प्रथम जांच में दो नए बंदियों में एचआईवी पॉजिटिव के लक्षण मिले हैं।
उन्हें वृहद जांच के लिए जिला अस्पताल भेजने के लिए जेलर को पत्र लिखा गया है। एक बंदी शादीशुदा है, उसकी पत्नी को भी जांच के लिए भेजे जाने को पत्र लिखा गया है।
पांच महीने में जेल में मिले सात बंदी एचआईवी पॉजिटिव
अपराधिक किस्म के लोग जिले में एड्स के मरीजों की संख्या बढ़ा रहे हैं। इस बात का खुलासा स्वास्थ्य विभाग में दर्ज रिकार्ड से हो रहा है। जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार पिछले पांच महीने में जिला जेल में हुई जांच के दौरान सात बंदियों में एचआईवी पॉजिटिव निकला है। जनवरी में तीन, अप्रैल में दो तथा अब मई में दो बंदी एचआईवी पॉजिटिव निकले हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो सात में से पांच मरीजों को अवैध संबंधों में एचआईवी पॉजिटिव निकला है, जबकि दो को संक्रमित सुइयों से एचआईवी पॉजिटिव हुआ है।
इस वर्ष अब तक मिले एड्स रोगी
माह कुल जांच एचआईवी पॉजिटिव
जनवरी 418 03 जिला कारागार
फरवरी 392 02
मार्च 418 01
अप्रैल 271 03 जिसमें से दो जिला कारागार
मई 288 03 जिसमें से दो जिला कारागार