मैनपुरी। सीबीएसई 10वीं का परीक्षा परिणाम सोमवार की दोपहर ढाई बजे घोषित कर दिया गया। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में नगर के सुदिती ग्लोबल एकेडमी की छात्रा खुशी यादव ने 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा अंशिका शर्मा ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। सेंट मेरीज स्कूल की छात्रा भूमिका चौहान भी 96.8 प्रतिशत अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। परीक्षा परीक्षा परिणाम को लेकर हर तरफ छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा गया।
स्कूलों में छात्र-छात्राएं साथियों के साथ जमकर झूमे। शिक्षकों ने मेधावियों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। वहीं परिजनों ने भी छात्र-छात्राओं की सफलता के लिए शिक्षकों को बधाई दी। मेधावी छात्र-छात्राओं का विद्यालय स्टॉफ ने स्वागत किया। मुंह मीठा कराकर उनके साथ खुशियों को बांटा। इस बीच बच्चों ने परिजन भी मौजूद रहे।