टूटी पटरी से गुजर गई मालगाड़ी, यातायात प्रभावित
पटना-कोटा एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
टूंडला (फिरोजाबाद)। कानपुर रेलखंड पर गुरुवार सुबह भदान रेलवे स्टेशन के निकट टूटी पटरी से मालगाड़ी गुजर गई। चालक की सूचना पर पीछे ट्रेनों को रोक दिया गया। इसके चलते अप रेलमार्ग ठप हो गया। इस दौरान पटना-कोटा एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
कानपुर से टूंडला आ रही एक मालगाड़ी कानपुर रेलखंड पर कौरारा-भदान स्टेशन के बीच पहुंची तभी चालक को गहरा जर्क महसूस हुआ। जानकारी मिलते ही नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर पीछे आ रहीं सभी ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर रोक दिया गया। इसके साथ ही पीडब्ल्यूआई विभाग ने टूटी पटरी को अस्थायी रूप से सही किया। करीब पौने आठ बजे टूटी पटरी सही होने के बाद रेल यातायात सुचारु हो सका। इस दौरान ट्रेनों को 30 किलोमीटर प्रतिघंटा का कौशन लगाकर चलाया गया। इससे पटना-कोटा एक्सप्रेस सहित करीब आधा दर्जन ट्रेन प्रभावित रहीं।