टूंडला (फिरोजाबाद)। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले से आक्रोशित लोग सुबह से ही हाथों में लाठी-डंडे लेकर निकल आए। कुछ हाइर्वे पर पहुंच गए और उत्पात मचाया। बसों, ट्रकों में तोड़फोड़ कर उनके शीशे व लाइट तोड़ दीं। इससे उनमें सवार यात्री दहशत में आ गए। हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने उत्पाती लोगों को लाठी फटकारते हुए भगाया।
नगर में दुकानें बंद कराते हुए कुछ युवा दोपहर में लाठी-डंडे लेकर हाईवे पर पहुंच गए और वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। इससे दोनों ओर जाम लग गया। कुछ वाहनों ने निकलने का प्रयास किया तो उन पर डंडेेे बरसाने शुरू कर दिए। इससे यात्री दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाया, लेकिन जब वे नहीं माने तो लाठियां फटकारना शुरू कर दिया। इसके बाद जाम खुल सका।
प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा चुनाव के एक उम्मीदवार के होर्डिंग्स को भी फाड़ दिया। तहसील पहुंचकर एसडीएम कार्यालय के पास की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। फायर ब्रिगेड की कुर्सियों को तोड़ दिया। कुछ उत्पाती युवकों ने अन्य समुदाय के एक युवक से मारपीट कर उसकी टोपी उछाल दी।