फिरोजाबाद। शासन द्वारा ग्रांट कटौती के विरोध में सपा और अन्य पार्षदों ने कटोरा थाम कर सड़क पर दुकानदारों से भीख मांगकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने प्रदेश के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महापौर से इस्तीफा देने की मांग की।
सपा नेता प्रतिपक्ष देश दीपक यादव के नेतृत्व में रविवार को सुबह 10 बजे पार्षदों ने कंपनी बाग चौराहे से सुभाष तिराहे तक हाथों में कटोरा थाम कर दुकानदारों से भीख मांग कर विरोध प्रदर्शन किया। पार्षद देश दीपक यादव ने कहा कि महापौर दो बार लखनऊ ग्रांट बढ़वाने गईं थीं, परंतु सरकार ने दोनों बार ग्रांट में एक करोड़ से अधिक कटौती कर दी है।
गर्मी के मौसम में जनता पेयजल संकट से त्राहि-त्राहि कर रही है। सड़कों पर गड्ढे भरने तक को नगर निगम में सामान नहीं है। जनता हम पार्षदों को घेर रही है। हम मांग करते हैं कि यदि महापौर शहर का विकास नहीं करा पा रहीं हैं, तो वह पद से इस्तीफा दें। छात्रसभा अध्यक्ष जगमोहन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार विकास विरोधी है।
मौके पर पार्षद हरिओम गुप्ता, शारिक सलीम, हेत सिंह शंखवार, मो. रिहान, अभिनेंद्र यादव, हरीसिंह के अलावा श्याम जाटव, सुधीर चक, सोनू वाष्रणेय, राहुल गुप्ता, आकाश यादव आदि मौजूद थे।