एटा। मोबाइल एटीएम की सुविधा गांव में देने के लिए जिला सहकारी बैंक के प्रयास सफल हो गए हैं। इस सप्ताह मोबाइल वैन जिला सहकारी बैंक को मिल जाएगी, इसके लिए पूरी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। मोबाइल एटीएम की ज्यादातर सेवा ग्रामीण क्षेत्र में ही होगी, ताकि बैंक से जुड़े किसान भी लाभ ले सकें।
जिला सहकारी बैंक किसानों से जुड़ी हुई बैंक है। किसानों को सुविधा देने के लिए अब मोबाइल एटीएम की व्यवस्था कर दी गई है। मोबाइल एटीएम की प्रक्रिया काफी लंबे समय से चल रही थी, मगर अब धरातल पर दिखने लगी हैं। इसका 80 फीसदी भुगतान भी हो चुका है। वैन इस सप्ताह जिला सहकारी बैंक को मिल जाएगी। जिम्मेदारों का कहना है कि मोबाइल एटीएम की सुविधाएं दूर-दराज के गांवों में दी जाएंगी, जहां से बैंकों की दूरी ज्यादा हैं और किसानों को नकदी निकालने के लिए परेशानी झेलनी पड़ती हैं। मोबाइल वैन के लिए प्रत्येक दिन अलग-अलग गांव में जाकर सेवा देगी। जिसका दिन के हिसाब से निर्धारण कर दिया जाएगा। इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किसानों को रूपे कार्ड वितरित किए गए हैं। ताकि किसान मोबाइल एटीएम का लाभ उठा सकें।
जिला सहकारी बैंक को मोबाइल एटीएम इस सप्ताह मिल जाएगा। बैंक ने वित्तीय समावेशन निधि के तहत बैंकिंग टैक्नोलॉजी प्रदर्शन के लिए मोबाइल वैन का 80 फीसदी भुगतान कर दिया गया है। मोबाइल एटीएम से ग्रामीणों और किसानों को बेहद लाभ मिलेगा। मोबाइल एटीएम गांव-गांव जाकर सेवा देगी।
हरीबाबू भारती, उप महाप्रबंधक - जिला सहकारी बैंक