वृंदावन (मथुरा)। प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले को ब्रज संस्कृति एवं परंपराओं से सुशोभित करने के लिए वृंदावन के सभी वैष्णव अखाड़े शुक्रवार को कुंभ में शिरकत करने के लिए प्रस्थान कर गए। सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने मां यमुना की आराधना कर श्रद्धालुओं से कुंभ में जुटने का आह्वान किया।
वृंदावन से सिंहपौर हनुमान मंदिर से निर्मोही अखाड़े के सुंदरदास महाराज, राधावल्लभ निर्मोही अखाड़े से लाड़िली शरणदास महाराज, गोपाल मंदिर खालसा से सच्च्दिानंद दास, महामंडलेश्वर श्रीमहंत रामस्वरूपदास महाराज, हरिशंकरदास नागा, फूलडोल बिहारीदास आदि संत अपने शिष्यों के साथ कुंभ मेले में शिरकत करने के लिए रवाना हो गए।
महंत रामस्वरूपदास महाराज ने कहा कि कुंभ में आयोजित धर्म संसद में राममंदिर निर्माण की संत पुरजोर मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि 2022 में वृंदावन में लगने वाले कुंभ में भी यमुना किनारे स्थायी जमीन अधिग्रहण की मांग उठाई जाएगी।