मैनपुरी-कटरा समान। मां और साली के साथ रिश्तेदार के घर गमी में जा रहे युवक को अपाचे सवार बदमाशों ने रोक लिया। तमंचा कनपटी पर लगाकर नकदी और जेवर लूट लिए। थाने पहुंचे पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। किशनी थाना क्षेत्र के कटरा समान निवासी संदीप यादव मां राज किशोरी और साली शालिनी के साथ करहल के गांव नगला अनिया स्थित रिश्तेदार के घर गमी में जा रहा था।
बाइक जब नगला चकर के पास पहुंची तभी अपाचे सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। पीड़ितों के अनुसार बाइक से तमंचा लेकर उतरे दो बदमाशों ने महिला और उसके पुत्र की कनपटी पर तमंचा लगाकर सोने की चेन, कुंडल और अंगूठी लूट ली। लूट करने के बाद बाइक पर बैठकर बदमाश गांव बल्लमपुर की ओर भाग गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हो सका था।