मैनपुरी। टेलीविजन पर निगाहें आंखों में आंसू और जुबां पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चर्चे। शुक्रवार को जिले में कुछ ऐसा ही नजारा दिखाई दिया। होटल हो या दुकान या फिर घर सब जगह टीवी पर लोग अटल जी की अंतिम यात्रा देखते रहे। महान व्यक्तित्व की अंतिम यात्रा देख रहे लोगों की आंख नम थी।
शुक्रवार को जिले के लोग टीवी पर ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम दर्शन के लिए ललायित दिखाई दिए। घर, होटल या दुकान सभी जगह लोग पूरे दिन टीवी पर अंतिम यात्रा को देखते रहे। इस दौरान गमगीन वातावरण लोगों के दिल की बात को समझने के लिए काफी था। छलकती आंखों के बीच कुछ समय बाद डबडबाई आवाज सन्नाटे को चीरती तो सिर्फ एक नाम सुनाई देता अटल, अटल और सिर्फ अटल।
जब घर में परिवार के सभी लोग टीवी पर अंतिम यात्रा देख रहे थे। तो उस समय बूढ़े हों या युवा सभी के आंखें नम थीं। उन्हें देख घर में मौजूद बच्चे भी भावुक हो गए। माहौल का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार्टून और फिल्म देखने वाले बच्चों ने एक भी बार यह देखने की जिद नहीं की। कई बच्चों ने जब पूर्व प्रधानमंत्री के बारे में बुजुर्गों से पूछा तो रुधांसू स्वर में उन्होंने बच्चों को उनके बारे में बताया।