एटा। अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार के अध्यक्ष, तथा सांसद प्रो. डा. रामशंकर कठेरिया की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक हुई, जिसमें सांसद प्रो. कठेरिया ने कहा कि सरकारी की योजनाओं का हर पात्र को लाभ मिले।
बुधवार शाम को आयोजित बैठक में प्रो. डा. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत छूटे 229 ग्रामों का विद्युतीकरण हर हाल में अक्टूबर 2018 तक पूर्ण होना चाहिए। सांसद राजवीर सिंह राजू भईया ने कहा कि अधिकारी पुरानी मानसिकता बदलते हुए अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर अंकुश लगाएं। सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जलेसर विधायक संजीव कुमार दिवाकर ने क्षेत्र की समस्याओं को जल्द निराकरण करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी अमित किशोर ने कहा कि पात्रों को पारदर्शिता के साथ लाभान्वित किया जाएगा। बैठक में एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया, सीडीओ उग्रेसन पांडेय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर, एडीएम वित्त एवं राजस्व महेश चंद्र शर्मा, एसडीएम ब्रजेश कुमार सिंह, विजय कुमार, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, पीडीडीआरडीए अजय कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।
अवागढ़।
कस्बा में बुधवार को एससी-एसटी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रामशंकर कठेरिया ने बुधवार को नगर पंचायत सभागार में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निस्तारित करने के निर्देश दिए।
कस्बा पहुंचे आगरा सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने सबसे पहले किला रोड पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को स्वच्छ रखना अधिकारियों के साथ जनता की भी जिम्मेदारी है। नगर स्वच्छ होगा, तो बीमारियां कम होंगी। उन्होंने लोगों को खुले में शौच मुक्त के प्रति भी जागरूक किया। इसके बाद सांसद ने नगर पंचायत सभागार में जनता की समस्याओं और शिकायतों को सुना। इस मौके पर विधायक जलेसर संजीव दिवाकर, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश पाल सिंह, प्रत्येंद्र पाल सिंह, राजेश सरानी, वीरेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस
सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने अवागढ़ के वीरनगर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। दरअसल, 15 दिन पहले वीरनगर में एक दलित की हत्या कर दी गई थी। सांसद ने गांव पहुंचकर परिवार को ढ़ांढस बंधाया। साथ ही एसएसपी से बात कर घटना का जल्द खुलासा करने के लिए कहा।