मैनपुरी। रेलवे मैदान रठेरा पर चल रही दीपू यादव स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को रामनगर क्रिकेट क्लब मैनपुरी और यूथ क्रिकेट क्लब आगरा के मध्य मैच खेला गया। इसमें मैनपुरी की टीम ने आगरा की टीम को 61 रनों से पराजित किया।
रामनगर क्लब मैनपुरी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर के मैच में छह विकेट के नुकसान पर 157 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से अभिषेक ने 67, देवा ने 25 तथा गोल्डी ने 24 रनों का योगदान दिया। यूथ क्लब आगरा की तरफ से गेंदबाज बटलर, शीलू, भूपेंद्र और दीपू ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ क्लब आगरा की सारी टीम मात्र 96 रन के स्कोर पर पवेलियन वापस लौट गई। टीम की तरफ से बटलर व दीपू ने 16-16 तथा शीलू ने 15 रन का योगदान दिया। अमित ने चार , सुरजीत ने दो, विपिन व आलोक ने एक-एक विकेट हासिल किया। अनीस यादव और गोविंद यादव ने अंपायर की भूमिका निभाई। स्कोरिंग पवन यादव ने तथा अक्षय यादव ने आखों देखा हाल सुनाया।