मैनपुरी/नीलेश शर्मा।
जिले के छोटे से कस्बे घिरोर का थाना आज देश के टॉप टेन थानों में शामिल है। बेहतर पुलिसिंग के दम पर महानगरों के प्रमुख थानों को पछाड़ कर घिरोर थाने को मिली इस उपलब्धि से जिले के साथ ही प्रदेश के पुलिस अफसर गदगद हैं। खुद देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करके देश के टॉप टेन थानों की सूची जारी की।
केंद्र सरकार ने हर साल देश के दस प्रमुख थानों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। केंद्र की एक संस्था के सर्वे पर थानों का चयन किया गया है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चल रही देश भर के पुलिस महानिदेशकों की कांफ्रेंस में शनिवार को यह सूची जारी की गई। उत्तर प्रदेश के कुल तीन थानों ने इस सूची में जगह बनाई है।
----------
देश की टॉप टेन सूची में शामिल थाने
1. कोयंबटूर का आरएसपुरम थाना
2. हैदराबाद का पंजगुट्टा
3. लखनऊ का गुडांबा
4. जलपाईगुड़ी का धूपगूरी
5. चेन्नई का केफोर थाना अन्नानगर
6. नैनीताल का वनभूलपुरा
7. मैनपुरी का घिरोर
8. देहरादून का ऋषिकेश कोतवाली
9. कानपुर का वलापट्टनम
10.दिल्ली का कीर्ति नगर थाना
---------
केंद्रीय एजेंसी ने 11 बिन्दुओं पर किया था सर्वे
भारत सरकार की एजेंसी ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ने देश भर के थानों में जाकर 11 बिंदुओं पर सर्वे कर नंबर दिए थे। इनमें महिला और निर्बल व्यक्तियों पर हुए अपराधों पर पुलिस की कार्रवाई, लूट डकैती आदि के खुलासे और माल बरामदगी का प्रतिशत, अपराध नियंत्रण को निरोगात्मक कार्रवाई का प्रतिशत, क्राइम एंड क्रिमिनल नेटवर्किंग सिस्टम की स्थिति आदि शामिल रहे। एजेंसी की ओर से दिए गए नंबरों के आधार पर ही थानों का चयन हुआ।
शिकायतों के समाधान से मिला मुकाम
वर्ष 1948 में घिरोर में थाने की स्थापना की गई थी। 2006 में थाने को नई बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया। बेहतर पुलिसिंग के दम पर घिरोर थाने ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद देश में सातवां।
थाने को शिकायतों के समाधान से यह मुकाम मिला है। जनवरी 2017 से लेकर अब तक थाने में 458 मुकदमे दर्ज किए गए, जिसमें से 410 मुकदमे का निस्तारित किए गए, अभी सिर्फ 48 मामले लंबित हैं।
थाने में तैनात स्टॉफ पर नजर
पद तैनाती
एसओ एक
एसआई चार
हेड कांस्टेबल पांच
कांस्टेबल 32
ये जिले की जनता और पुलिस के प्रत्येक कर्मचारी के लिए गौरव की बात है। सभी पुलिसकर्मी और अफसर मेहनत करें, निश्चित ही आगे उन्हें भी सफलता मिलेगी।
ओमप्रकाश सिंह, प्रभारी एसपी मैनपुरी
देश में सातवां स्थान हासिल कर घिरोर थाने ने प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। पूरा पुलिस विभाग इसके लिए बधाई का पात्र है।
प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी मैनपुरी
अधिकारियों के निर्देशन में थाने के प्रत्येक कर्मचारी की ओर से किए गए कार्य का यह परिणाम है। हमारी पूरी टीम इसके लिए बधाई की पात्र है।
एसआर गौतम, थानाध्यक्ष घिरोर