फिरोजाबाद। सुहानगरी में रविवार को कोहरे की दस्तक से बिजली का फ्यूज उड़ गया। मैन लाइन में फाल्ट होने से सुबह छह बजे पूरे शहर की बत्ती गुल हो गई। इससे शहर की जनता को बिजली के साथ पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
साल के आखिर दिन सुहागनगरी में कोहरा पड़ने से बिजली संकट से जूझना पड़ा। घने कोहरे में मैनपुरी से आने वाली 220 केवी लाइन में फाल्ट होने से शहर इंडस्ट्रियल, सुहागनगर, लेबर कालोनी, रामनगर, रसूलपुर, आसफाबाद, पुरुषोत्तम बिहार, एसएन, ककरऊ कोठी सब स्टेशन की विद्युत आपूर्ति सुबह छह बजे ठप होने शहर अंधेरे में डूब गया। अचानक पूरे शहर आपूर्ति ठप होने से विद्युत विभाग के अफसरों को फोन बजने लगे।
फोन रिसीव नहीं होने पर उपभोक्ताओं ने व्हाट्सअप पर मैसेज करने शुरू कर दिए तो अफसरो ंने आसफाबाद स्थित 220 केवी उपसंस्थान के एक्सईएन और एसडीओ को फोन कर आपूर्ति बाधित होने का पता किया। मैनपुरी की मैन लाइन में फाल्ट होने से सप्लाई बाधित हुई थी। टीमें ब्रेकडाउन अटेंड करने में जुटीं। तब जाकर दोपहर तक सभी फीडर पर आपूर्ति बहाल हुई।
कोहरे के कारण शहर के साथ देहात क्षेत्र के डेढ़ दर्जन से अधिक फीडरों पर ब्रेकडाउन हुआ। ग्रामीण क्षेत्र में ब्रेकडाउन अटैंड करने के लिए दोपहर तक टीमें दौड़ती रहीं। सुबह से कोहरा पड़ने से बिहारीपुर, पचोखरा, नगला रती, हजरतपुर, गुरुकुल, सराय लुकमान, नगला खंगर, कौरारा, जसराना, एका, उड़ेसर, सहजलपुर, मटसैना, लुहारी सहित डेढ़ दर्जन से अधिक फीडरों पर ब्रेकडाउन हुआ।