फिरोजाबाद। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल ने रसूलपुर स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में आयोजित वार्ता में कहा कि व्यापार मंडल जीएसटी का विरोध नहीं कर रहा है, परंतु सरकार जेल व जुर्माने को पूरी तरह समाप्त करे।
प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक जुलाई से पूरे देश में जीएसटी लागू कर दिया है, जिसमें तमाम खामियां हैं। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा जीएसटी में खामियाें को दूर करने के लिए निरंतर सुझाव दिए जा रहे हैं, केंद्र सरकार को उन पर अमल करते हुए जीएसटी को सरल बनाना चाहिए, जिससे सभी व्यापारी आसानी टैक्स जमा कर सकें।
उन्होंने कहा कि उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का प्रांतीय चुनाव जनवरी माह में लखनऊ में होने जा रहा है। इसमें चार प्रंतीय महामंत्री, संगठन मंत्री, मंत्री के अलावा कार्य समिति का चुनाव होगा। 27 जनवरी को नामांकन होंगे, 28 जनवरी को चुनाव होगा। वार्ता में जिलाध्यक्ष अनिल मैनेजर, महामंत्री मनोज गुप्ता, प्रवीन निवोरिया, महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा, हरीशंकर अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, मनोज धाकरे मौजूद थे।