मथुरा। अब चलती ट्रेन में अपराध की रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज हो सकेगी। रेलवे पुलिस जल्द ही इसके लिए व्यवस्था करने जा रही है। वहीं पुलिस के सीसीटीएनएस से जीआरपी के सभी थाने जुड़ेंगे। मथुरा जंक्शन पहुंचे जीआरपी के आईजी बीआर मीणा ने बताया कि ट्रेनों में खासकर एसी और रिजर्वेशन कोच में पर्स, मोबाइल और अन्य सामान चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। देखने में आता है कि जीआरपी वाले घटना को एक-दूसरे के थाना क्षेत्र का बताकर पीड़ित को इधर उधर दौड़ाते रहते हैं। लेकिन अब पीड़ित सीधे ऑनलाइन रिपोर्ट चलती ट्रेन से दर्ज करा सकेगा। इसके लिए यूपी पुलिस के सीसीटीएनएस से जीआरपी के थानों को जोड़ा जा रहा है। जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए जिले और थानों को अलग-अलग कोड दिए जाएंगे। साथ ही मोबाइल बरामदगी को जीआरपी सर्विलांस के लिए आगरा में 18 नए ब्लाक बनाए जा रहे हैं। इसमें ज्यादा मोबाइलों की आईएमईआई रन कराई जा सकेगी।
लखनऊ से तय होगा किस थाने में दर्ज होगी रिपोर्ट
मथुरा। आईजी रेलवे बीआर मीणा ने साफ किया कि पीड़ित यात्री की ऑनलाइन शिकायत पहले लखनऊ स्थित मुख्यालय पहुंचेगी। वहां जीआरपी के अधिकारियों को इसे हस्तांतरित किया जाएगा। वह अधिकारी तय करेंगे कि किस थाने से रिपोर्ट दर्ज की जाए। इससे थानों की सीमा आदि का विवाद नहीं होगा।