आगरा। खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में राज्यपाल राम नाईक ने शनिवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के संस्कृति भवन, ललित कला कुंज, सिविल लाइन और छत्रपति शिवाजी महाराज दीक्षांत मंडप, खंदारी परिसर की शिलापट्टिका का अनावरण किया। उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने ‘ऑनलाइन संबद्धता’ के पोर्टल का शुभारंभ किया।
राज्यपाल ने कहा कि देश के युवाओं को सही राह दिखाने की जरूरत है। 2025 में दुनिया का सबसे युवा देश भारत होगा। देश की ताकत कैसी होगी उसका अंदाजा लगाया जा सकता है। युवा देश के संपत्ति हैं, उनका उपयोग सही करने की जरूरत है, जिससे देश को लाभ हो। युवाओं को देश के विकास से जोड़ना चाहिए। यह जिम्मेदारी विश्वविद्यालयों की है। दुनिया आतंकवाद भी देख रही है। आतंकवादी भी युवा और विद्वान होते हैं, शस्त्र अस्त्र चलाने के पारंगत होते हैं। बस उनका रास्ता गलत है।
राज्यपाल ने योगी सरकार में उच्च शिक्षा के लिए उठाए गए कदम की सराहना की। कहा कि उनके तीन वर्ष के कार्यकाल में कई कुलपति सम्मेलन हुए, पहली बार उच्च शिक्षामंत्री समेत अन्य संबंधित विभागों के मंत्री भी शामिल हुए। कई कार्ययोजनाओं पर विचार हुआ। उप मुख्यमंत्री ने भी शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासाें की जानकारी दी। कुलपति डा. अरविंद कुमार दीक्षित ने राज्यपाल और उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट किया। कुलसचिव केएन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन और संचालन डा. संजीव शर्मा ने किया। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति के अध्यक्ष डा. रामशंकर कठेरिया, विधायक जगन प्रसाद गर्ग, योेगेंद्र उपाध्याय, डा. जीएस धर्मेश कार्यक्रम में मौजूद रहे।