मथुरा/सौंख। अब संपन्न परिवारों के यहां भी चोटियां कटने की घटनाएं होने लगी हैं। सोमवार को सौंख में पूर्व सभासद की बेटी की चोटी कट गई। वह दूसरी मंजिल पर एसी कमरे में आराम कर रही थी। चोटी कटने के बाद किशोरी दो घंटे तक बेहोश रही। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देहात अंचल में चोटी कटने की घटनाओं के चलते लोग सो भी नहीं पा रहे हैं। सौंख कस्बा के सीमेंट रोड स्थित पूर्व सभासद छैलबिहारी सिंघल की 16 वर्षीय पुत्री पल्लवी सिंघल की उस समय चोटी कटी जब वह एसी चलाकर दूसरी मंजिल पर आराम कर रही थी।
छोटी बेटी ने ऊपर आकर देखा तो उसके बाल कटे थे। इस पर घर में अफ रा-तफ री मच गई। पानी के छींटे मारकर किशोरी को होश में लाया गया। होश आते ही पल्लवी ने कमरे के कोने में किसी की मौजूदगी की बात कही और दोबारा बेहोश हो गई। घरवाले पीड़ित किशोरी को ललता प्रसाद हॉस्पीटल ले गया। वहां उसका इलाज करवाया गया।
पल्लवी सिंघल करीब दो घंटे बेहोशी हालत में रही। इसके अलावा मांट, नौहझील, बाजना, सुरीर, राया, फरह सहित अधिकांश कस्बों और गांवों में चोटी कटने की घटनाओं का हल्ला रहा। लोग अब भी इन घटनाओं को लेकर दहशत में हैं।