नौहझील (मथुरा)। पशुओं में खुरपका और मुंहपका टीकाकरण के नाम पर खूब खेल किया गया है। पशुओं का टीकाकरण हुआ नहीं और विभाग को रिपोर्ट टीकाकरण की दे दी गई। हसनपुर गांव में जहां बीमारी से 40 पशुओं की मौत हुई है वहां के ग्रामीणों ने कहा कि आज तक किसी पशु का टीकाकरण नहीं हुआ है।
पशुओं में खुरपका, मुंहपका रोग की रोकथाम के लिए अप्रैल से जून तक टीकाकरण अभियान चलाया गया था। इसकी रिपोर्ट में भी नौहझील के गांव हसनपुर में शत प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण हुआ बताया गया है।
ग्रामीण राधेलाल, साहब सिंह, दिनेश चौधरी, हरपाल सिंह, कुंदनलाल, धनपत सिंह, सौदान सिंह का कहना है कि इस साल उनके पशुओं को कोई टीका नहीं लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि वह इस संबंध में जिलाधिकारी से भी मिलेंगे।
नौहझील ब्लाक के पशुओं की बीमारी रोकने को नौहझील ब्लाक में तैनात पशु चिकित्सक डा. ललित कुमार का गत माह ट्रांसफर हो गया था। उनकी जगह सुरीर की चिकित्सक ममता गौतम को अतिरिक्त चार्ज दिया गया। बीमार होने के कारण वह भी अवकाश पर हैं। सीवीओ डा. मलिक ने बताया कि शीघ्र ही नौहझील में पशु चिकित्सक की तैनाती की जाएगी।