आगरा। गंगाजल की पाइपलाइन बिछाने के लिए जल निगम के इंजीनियरों ने पश्चिमपुरी और शास्त्रीपुरम क्षेत्र में सड़कों को खोदकर छोड़ दिया है। धूल व मिट्टी से 80 फुटा जोनल रोड की एक साइड पूरी तरह से यातायात के लिए बंद कर दी गई है। क्षेत्र में मौजूद आठ स्कूलों के 25 हजार से ज्यादा बच्चे और 80 हजार से ज्यादा लोग ट्रैफिक जाम से जूझते हैं। साथ ही धूल के उड़ते गुबार से सांसों पर भी संकट छाया है।
सिकंदरा बोदला रोड पर फूड सर्किल के सामने से एडीए के जोनल पार्क तक 80 फुटा रोड है। इस रास्ते से हिलमैन पब्लिक स्कूल, सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल, अमल गार्डन, चिल्ड्रन प्रोग्रेसिव इंटर कॉलेज के साथ लाइफ लाइन इंटर कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल, गायत्री पब्लिक स्कूल के बच्चे निकलते हैं। इसके अलावा हरीश नगर, नारायण विहार, अरविंद पुरम कॉलोनी के लोगों का भी आना-जाना होता है। सालासर हनुमान मंदिर भी है। सुबह स्कूल आने और दोपहर में लौटते समय एक ओर की सड़क बंद होने के कारण जाम लग रहा है। स्कूल वैन और बसों के जाम के कारण बच्चे छुट्टी के एक से डेढ़ घंटे बाद तक घर पहुंच पा रहे हैं।
सरकारी रिकॉर्ड में सबसे खराब हवा इसी क्षेत्र की
जल निगम के गंगाजल पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई के काम के कारण धूल के गुबार उठ रहे हैं। हरा पर्दा और पानी का छिड़काव न करने से शहर में सबसे खराब हवा इसी क्षेत्र की है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक यूपीएसआईडीसी और आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक्यूआई 227 दर्ज किया गया। बेहद खराब श्रेणी की हवा में पश्चिमपुरी क्षेत्र में पीएम-10 कणों की मात्रा 373 तक और पीएम 2.5 कणों की मात्रा 355 पर पहुंच गई है।
- जल निगम खुदाई के बाद सड़कों से मिट्टी नहीं हटा रहा है। धूल के गुबार उठ रहे हैं। बारिश हो गई तो फिसलन के कारण हादसे होंगे। तत्काल मिट्टी हटाकर गिट्टियां डाली जाएं। महेंद्र सिंह, निवासी पश्चिमपुरी
- एक तरफ की सड़क एक माह से बंद है। जाम के कारण बच्चों का स्कूल आना-जाना कठिन हो गया है। मनमाने ढंग से काम किया जा रहा है, हर दिन वाहन फंस रहे हैं।
- पवन सिंह, निवासी, हरीश नगर
- सड़कों की खुदाई में सभी मानकों का पालन करने के निर्देश संबंधित फर्म को दिए गए हैं। मिट्टी के ढेर को जल्द हटवाया जाएगा और पानी का छिड़काव सुनिश्चित कराएंगे।
- एहतेशाम, प्रोजेक्ट इंजीनियर, जल निगम