मथुरा। शहीद हेमराज के गांव शेरनगर सहित छाता ब्लाक के तीन गांवों में पेयजल संकट दूर होगा। इन गांवों में तीन करोड़ की लागत वाली पेयजल योजना को पूरा करने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये और मिल गए हैं।
छाता ब्लाक का गांव शेरनगर शहीद हेमराज का पैतृक गांव हैं। जनवरी 2012 में हेमराज के शहीद होने के समय ही ग्रामीणों ने गांव में खारे पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की मुख्यमंत्री से थी। जल निगम ने शेरनगर, तूमौला व जाब गांव में तीन करोड़ की लागत से मीठे पानी की टंकी बनाने की कार्य योजना तैयार की थी।
ओवरहैड टैंक, दो ट्यूबवेल और सात किलोमीटर लंबाई में पाइप लाइन बिछाने की योजना पर काम शुरू किया गया। बजट के रूप में केवल 30 लाख रुपये मिले थे। इससे एक ट्यूबवेल व पंप हाउस ही तैयार हो सका। बजट के अभाव में काम रोक दिया गया।
अब फिर से इस योजना के लिए तीनों गांवों के लिए 50-50 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इस संबंध में जल निगम व डीडीओ कार्यालय को पत्र भी मिल गया है।