मथुरा। छाता के गांव चंदौरी में डंपर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर से 200 मीटर दूर प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री के अंदर मिला। गोली सटाकर कमर में मारी गई है। जहां शव पड़ा था वहां पास में शराब की खाली बोतल, गिलास और नमकीन के खाली पाउच भी मिले हैं। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है लेकिन पुलिस इसे अवैध संबंधों में हत्या मान रही है।
कोतवाली छाता के गांव चंदौरी निवासी विनोद (26) पुत्र रामरतन डंपर चालक था। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की सुबह पड़ोस का एक युवक उसे बुलाकर ले गया था फिर चालक वापस घर नहीं लौटा। शनिवार की सुबह 5:30 बजे जब लोग घर से निकले तो उसका शव प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री के अंदर पड़ा देखा। कुछ ही देर में यहां भीड़ लग गई। परिजन भी पहुंच गए। छाता पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस को शव के पास ही शराब की बोतल, नमकीन और खाली गिलास मिले हैं। गोली कंधे से नीचे लगी है। पुलिस ने शक के आधार पर पड़ोसी युवक समेत चार लोगों को उठाया है। कोतवाली प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया अवैध संबंधों के चलते हत्या की गई है। फिर भी पूछताछ की जा रही है।
लेनदेन के मामले को लेकर भी जुटी पुलिस
मथुरा। मृतक विनोद के आठ साल का बेटा नितेंद्र है। परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस की भी मानें तो जमीन और जायदाद को लेकर कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस फिलहाल लेनदेन के मामले को लेकर भी जुटी हुई है।