मथुरा। सिक्ख पंथ के दसवें गुरु गोविंद सिंह का 352वां प्रकाशोत्सव (जन्मोत्सव) होली गेट स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर गुरुद्वारे को रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था।
प्रकाश पर्व के मौके पर 11 जनवरी को त्रिलोचन सिंह द्वारा प्रारंभ कराए गए गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का समापन रविवार सुबह हुआ। इसके बाद मुख्य ग्रंथी सरबजीत एंड पार्टी द्वारा सबद-कीर्तन कराया गया। वक्ताओं ने गुरु गोविंद सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान लोगों से किया।
इसके बाद अरदास और लंगर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, रालोद नेता कुंवर नरेंद्र सिंह तथा उमेश पंडित का माल्यार्पण एवं सरोपा भेंटकर स्वागत किया।
इस दौरान सेवा सिंह चावला, जोगेंद्र सिंह, सतनाम सिंह, कुलदीप सिंह, सरदार सुरजीत सिंह, कमलेश अरोरा, मंजीत कौर, राजेंद्र कौर, संदीप कौर, पुष्पा अरोरा, बंटी चावला, अंजू, रवि चावला, लियाकत कुरैशी, विनोद शर्मा, एसपी सिंह, रमेश शर्मा, सतीश अरोरा आदि मौजूद रहे। अध्यक्ष मलिक अरोरा ने सभी का धन्यवाद दिया।