कासगंज। नए पेराई सत्र में खरीदे गन्ने के भुगतान के लिए प्रशासन गंभीर है। निर्देशों के बावजूद किसानों के बकाये का भुगतान न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। मिल को नोटिस जारी कर तीन दिन में बकाये का भुगतान नहीं करने पर मिल सीज करने की चेतावनी दी है। बता दें कि प्रशासन ने सात हजार क्विंटल चीनी बिक्री कर बकाये के भुगतान के निर्देश चार दिन पहले मिल प्रशासन को दिए थे।
न्यौली चीनी मिल नए पेराई सत्र में तेजी के साथ गन्ने की खरीद में जुटी है। मिल की तकनीकी खामी दूर करने के बाद चीनी बनाने का काम तेज कर दिया गया है। छह जनवरी से चीनी मिल का चक्का अनवरत घूम रहा है। मिल अब तक हजारों क्विंटल चीनी तैयार कर चुकी है। नए सत्र में खरीदे गए गन्ने के भुगतान को प्रशासन शुरू से गंभीर है। डीएम आरपी सिंह ने गन्ना विभाग के माध्यम से नए सत्र में तैयार चीनी में से सात हजार क्विंटल चीनी बेचने की अनुमति मिल को दी थी। चार दिन पहले निर्देश दिए कि चीनी बिक्री से मिलने वाली धनराशि से किसानों के बकाये का भुगतान किया जाए, लेकिन मिल प्रशासन द्वारा अब तक चीनी बिक्री नहीं की जा सकी है। इस पर जिला प्रशासन गंभीर है। डीएम ने चीनी मिल को नोटिस जारी कर चेतावनी दी यदि तीन दिन में गन्ने के बकाये का भुगतान न हुआ तो मिल को सीज कर दी जाएगी। डीएम के कदम के बाद मिल पर गन्ना बेचने पहुंचे किसानों को भुगतान की उम्मीद जागी हैं।
आंकड़े-
- 3 लाख क्विंटल गन्ना खरीद चुकी है चीनी मिल।
- 3 दिन में भुगतान के दिए गए हैं निर्देश।
- 9 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है भुगतान।
- 35 हजार क्विंटल चीनी तैयार कर चुकी है मिल
- 7 हजार क्विंटल चीनी बिक्री की दी है अनुमति।
- 80 लाख क्विंटल गन्ना खरीद का तय है लक्ष्य।
व्यवस्थित चल रही चीनी मिल
कासगंज। छह जनवरी से चीनी मिल का चक्का व्यवस्थित तरीके से घूम रहा है। इससे किसानों ने राहत है। उम्मीद है कि चक्का सही ढंग से चलता रहेगा और जल्द गन्ने की खरीद और पेराई सामान्य हो जाएगी। हालांकि विगत दिनों चीनी मिल में खामी रहने से कई दिनों तक गन्ना खरीद प्रभावित रही थी।
किसानों की बात-,
- पहले तो चीनी मिल गन्ना खरीद में ही लापरवाही कर रही थी। अब गन्ना खरीद लिया है तो मिलने भुगतान शुरू नहीं किया है। प्रशासन की पहल से उम्मीद जागी है- कैलाश चदं्र, भरतपुर।
- जल्द ही नए पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने का भुगतान किया जाना चाहिए। अब तक 30 हजार रुपये का गन्ना न्यौली चीनी मिल को बिक्री कर चुके हैं- सुमन देव, लहरा।
वर्जन-
- न्यौली चीनी मिल को जिलाधिकारी ने नोटिस जारी कर दिया है। निर्देश दिए हैं कि तीन दिन में नए पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने के बकाए का भुगतान किया जाए, अन्यथा कार्रवाई होगी- ओमप्रकाश यादव, जिला गन्ना अधिकारी।
- गन्ना भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नए पेराई सत्र का भुगतान शीघ्र ही करा दिया जाएगा। चीनी बिक्री की जा रही-ओमकार सिंह बिहाल, महाप्रबंध, न्यौली चीनी मिल।