फिरोजाबाद। झंडा दिवस पर शुक्रवार को पुलिस लाइन प्रांगण के साथ ही जिले के सभी थानों में ध्वज फहराया गया। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने ध्वज को सलामी देने के साथ ही इसका महत्व सभी को बताया। कार्यक्रम में एसपी सिटी, एसपी देहात सहित सभी थानेदार मौजूद थे।
झंडा दिवस के मौके पर पुलिस लाइन प्रांगण में एसएसपी सचिंद्र पटेल ने ध्वज फहराया। एसएसपी सहित एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह के साथ सीओ व लाइन के स्टाफ ने ध्वज को सलामी दी। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने कहा कि किसी भी संगठन का ध्वज उसकी पहचान होता है।
23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं पीएसी को फ्लैग प्रदान किया था। प्रधानमंत्री द्वारा ये फ्लैग पुलिस व पीएसी के बलों द्वारा उनके शौर्य प्रदर्शन व उच्चकोटि की कर्तव्य पारायणता के फलस्वरूप दिए थे।
इसे फहराकर हम खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं। ध्वज हमारे गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है और नई ऊर्जा का संचार करता है। इस ध्वज के नीचे करने वाले हमारे साथी अपनी ड्यूटी को सही ढंग से अंजाम देते हैं। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह व एसपी देहात महेंद्र सिंह ने भी महत्व बताया।
सीओ सिटी संजय वर्मा, जसराना डॉ. अभिषेक कुमार राहुल, सदर प्रेम प्रकाश यादव, सीओ टूंडला डॉ. अरुण कुमार सिंह, आरआई राम सिंह के साथ स्टाफ मौजूद रहा।
इसके साथ सभी थानों में झंडा दिवस पर ध्वज को सलामी दी। एसएचओ दक्षिण लोकेंद्र सिंह, एसएचओ उत्तर रवींद्र दुवे, रसूलपुर तेज बहादुर सिंह चंदेल, रामगढ़ केपी सिंह ने ध्वजारोहण किया। नारखी में एसएचओ भानुप्रताप सिंह सहित अन्य थानेदारों ने ध्वज को सलामी के साथ इसका महत्व समझाया।