फिरोजाबाद। रहना स्थित लालऊ रोड पर गुप्ता ग्लास डेकोरेटर्स फैक्ट्री के गोदाम में शुक्रवार सुबह शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग से पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां दोपहर बाद तक आग बुझाने को दौड़ती रही। नगर निगम से जेसीबी को बुलाया। आग को जल्दी बुझाने के लिए जेसीबी से फैक्ट्री की दीवार तोड़ दी। क्योंकि अंदर गत्ता भरा होने के कारण आग लगातार सुलग रही थी। करीब आठ घंटे बाद आग पूरी तरह से बुझ सकी।
गांधीनगर निवासी सुनील कुमार गुप्ता का लालऊ रोड पर गुप्ता ग्लास डेकोरेटर्स के नाम से राजीव शर्मा का पैकिंग का गोदाम संचालित है। गुरुवार देर रात गोदाम को बंद करके घर चले गए थे। लेकिन शुक्रवार को सुबह जब पहुंचे तो देखा गोदाम के अंदर से तेजी से धुआं निकल रहा था। इसकी सूचना फैक्ट्री मैनेजर और स्टाफ को दी। सूचना मिलते ही मैनेजर एवं स्टाफ के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। उन्होंने गोदाम का गेट खोला तो अंदर आग विकराल रूप ले चुकी थी।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग बुझाना शुरू किया लेकिन आग काबू में ही नहीं आ पा रही थी। शिकोहाबाद फायर स्टेशन से एक गाड़ी को और बुलाया। तीन गाड़ियां दोपहर बाद तक आग को बुझाने के लिए दौड़ती रहीं। आग बुझाने के लिए गोदाम की दीवार को कई स्थानों पर तुड़वाया।