गांव विरतिया में घर के बाहर सो रहे युवक की बाइक सवार युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी/कुसमरा। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव विरतिया में घर के बाहर सो रहे युवक की बाइक सवार युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या क्यों और किसने की इसकी जानकारी परिजन नहीं दे सके हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की है। विरतिया गांव निवासी रामबहादुर शाक्य का 25 वर्षीय पुत्र पिंटू अपने चाचा प्रवीन कुमार के घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। आसपास अन्य परिजन भी लेटे हुए थे। परिजनों के अनुसार बुधवार की सुबह करीब 4:15 बजे एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए।
एक युवक बाइक को घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर रोककर खड़ा हो गया। बाइक पर बैठे युवक ने आकर पिंटू को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य परिजन जागे, लेकिन तब तक बाइक सवार हमलावर भाग चुके थे। युवक की हत्या की जानकारी होने पर एएसपी ओमप्रकाश सिंह थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। मृतक के भाई इंद्रपाल शाक्य ने बताया कि एक गोली पिंटू के सिर में, दूसरी गोली सीने में मारी गई थी। हत्या क्यों और किसने की परिजन इसकी जानकारी नहीं दे सके।
पिता के साथ करता था खेतीबाड़ी
मृतक पिंटू चार भाइयों में सबसे छोटा था। एक भाई राजीव दिल्ली में नौकरी करता है, जबकि मृतक दो अन्य भाइयों और पिता के साथ खेतीबाड़ी करता था। परिजनों ने बताया कि युवक ने कक्षा सात पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
किसी से नहीं है कोई रंजिश
युवक की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। आखिर बेटे ने किसी का क्या बिगाड़ा था जो उसकी हत्या की गई। वहीं, पुलिस ने हत्यारों की तलाश के लिए मृतक का मोबाइल कब्जे में लिया है।