मैनपुरी। हिंदू जागरण मंच के तत्वाधान में हाफ मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नौनेर के राहुल चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में पहुंची चेयरमैन ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। हाफ मैराथन दौड़ का शुभारंभ रविवार की सुबह जेल चौराहे से भाजपा नेता सौरभ चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया। जेल चौराहे से पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम तक प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें नौनेर निवासी राहुल चौहान ने प्रथम, परोंख निवासी सचिन ने द्वितीय तथा औडेंय पड़रिया निवासी शुभम चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में समापन समारोह में चेयरमैन मनोरमा देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
उन्होंने राहुल चौहान को प्रथम पुरस्कार के रूप में 3100 रुपये व ट्राफी प्रदान की। चेयरमैन प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता ने परोंख निवासी सचिन को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2100 रुपये व ट्राफी प्रदान की। भाजपा नेता सौरभ चौहान ने तृतीय पुरस्कार के रूप में औडेंय पड़रिया निवासी शुभम चौहान को 1100 रुपये व ट्राफी प्रदान की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर चेयरमैन मनोरमा देवी ने प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत का कोई महत्व नहीं होता है। बेहतर प्रतिभाग करना ही महत्व रखता है। सौरभ चौहान ने कहा कि जो खिलाड़ी प्रतियोगिता में सफल नहीं हो सके उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। वे भविष्य में बेहतर तैयारी के साथ भाग लें। समापन अवसर पर हिंदू जागरण मंच के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।