किशनी। ससुर के साथ मायके जा रही महिला से बाइक सवार लुटेरों ने तमंचे की दम पर जेवर और नकदी लूट ली। लूट की वारदात कन्नौज और मैनपुरी जिले की सीमा पर हुई।
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे किशनी की ओर भाग निकले। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव नगला कुशल निवासी मान सिंह सोमवार की शाम बहू बीना यादव पत्नी मोहित यादव को मायके छोड़ने कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के गांव नगला बिहारी जा रहे थे।
शाम करीब साढ़े आठ बजे जैसे ही वह बार्डर के गांव जसमेड़ी के पास पहुंचे तभी कन्नौज की ओर से सफेद रंग की पल्सर पर सवार होकर आए तीन लुटेरों ने उन्हें रोक लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार लुटेरों ने तमंचे की दम पर बीना से सोने की चार अंगूठी, झुमकी, जंजीर, दस हजार रुपये और दो मोबाइल लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे किशनी की ओर भाग गए।
लूट की वारदात सौरिख थाना क्षेत्र में हुई तो स्थानीय लोगों की सूचना पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस पीड़ितों से जानकारी जुटाने के साथ ही लुटेरों की तलाश में जुटी थी।