एटा। जानकारी के अभाव में जीएसटी को बोझ मान रहे व्यापारियों को वाणिज्य कर विभाग अब प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर जागरूक करेगा। विभागीय अधिकारी ई वेबिल, रिटर्न आदि की व्यवहारिक जानकारी देंगे। विभाग 31 अगस्त तक विशेष संपर्क अभियान चलाएगा।
जीएसटी लागू होने के एक वर्ष बाद की समीक्षा में व्यापारियों को आ रही रिटर्न एवं ई वेबिल परेशानियों के निस्तारण के लिए वाणिज्य कर अधिकारी शहर, कस्बों में स्थित प्रतिष्ठानों पर पहुंचेंगे। असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर एवं जीएसटी के नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक करोड़ से कम टर्नओवर वाले व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर वाणिज्य कर अधिकारी एवं असिस्टेंट कमिश्नर पहुंचकर शिकायतें सुनेंगे। साथ ही ई-रिटर्न, ई-वेबिल डाउनलोड करने, पंजीयन सूचनाओं के संशोधन आदि की जानकारी देेंगे। प्रतिदिन कम से कम दस प्रतिष्ठानों के भ्रमण की फोटो और सूचना विभागीय पोर्टल पर भी अपलोड की जाएगी। इतना ही नहीं संभाग में पखवाड़े में कम से कम एक कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा। बता दें कि जिले में आठ हजार से अधिक व्यापारी पंजीकृत हैं।